#सिलीगुड़ी: दुकान के कर्मचारी पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार दोनों भूटानी नागरिकों को आज जलपाईगुड़ी कोर्ट में किया गया पेश!!
सेवक रोड स्थित एक मॉल में दो भूटानी नागरिकों को उक्त मॉल के अंदर एक आइसक्रीम दूकान के कर्मचारी पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उक्त दोनों व्यक्तियों को आज जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया।
गिरफ्तार भूटानी नागरिकों की पहचान 38 वर्षीय महेंद्र चिमोरिया और 37 वर्षीय कर्मा थिनले के रूप में हुई है, दोनों व्यक्ति भूटान के थिम्पू का निवासी बताया जा रहा है।
मालूम हो कि, बीते दिन दो भूटानी नागरिक महेंद्र चिमोरिया और कर्मा थिनले सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक मॉल के अंदर आइसक्रीम लेने एक दुकान पर पहुंचे। आइसक्रीम खाने के बाद बिल को लेकर दुकानदार और दो भूटानी नागरिकों के बीच हाथापाई हो गई।
आरोप लगाया गया है कि, कुछ ही देर में मामला बढ़ गया की भूटानी नागरिक ने चाकू से आइसक्रीम दुकान के एक कर्मचारी पर हमला कर दिया। हालांकि इस घटना में कर्मचारी किसी तरह बच गया। इतना ही नहीं बल्कि दोनों भूटानी नागरिकों पर मॉल की महिला कर्मचारियों के साथ अश्लील हरकतें करने का भी आरोप लगा है।
इस घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया और पुलिस को इस मामले की सूचना दी। मामले की खबर मिलते ही भक्ति नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों भूटानी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आज उन्हें जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया।
#KhabarAajkal