#अवैध निर्माण पर चला जेसीबी, नगर निगम अवैध निर्माण के खिलाफ हुई सक्रिय!!
अवैध कब्जे में फंसी सरकारी स्वामित्व की जमीन को कब्जा मुक्त बनाने की कार्रवाई अब जोर पकड़ने लगी है। सिलीगुड़ी नगर निगम एक बार फिर से अवैध निर्माण के खिलाफ सक्रिय हो गई है।
आज सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से सिलीगुड़ी ईस्टर्न बाईपास में करीब 30 से 35 अवैध निर्माण को जेसीबी के द्वारा तोड़ा गया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात की गई।
आपको बता दें कि, सिलीगुड़ी में भी अब नगर निगम और प्रशासन अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त होती जा रही है। इसी क्रम में आज वार्ड नंबर 42 में बंगला बाजार के पीछे ईस्टर्न बाईपास में अवैध दुकानों को तोड़ा गया।
कुछ स्थानीय दुकानदारों ने इसे लेकर अपना रोष भी व्यक्त किया है। जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। परंतु मौके पर भारी पुलिस बल तैनात थी। जिस वजह से कोई बड़ी घटना नहीं घटी।
मालूम हो कि, सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में फुटपाथ या सड़क के किनारे कब्जा करके कारोबार किए जाने की घटना कोई नई नहीं है। सालों साल से यह सिलसिला चलता आ रहा है। दुकानों की सीमा से आगे तक बढ़ कर अपनी सामग्री को बाहर निकाल कर रखने का चलन सिलीगुड़ी में लंबे समय से है।
इससे निजात पाने के लिए कई बार प्रयास हुए, लेकिन कुछ दिनों बाद ही फिर से यह चलन में आ जाता है। अब देखना यह है कि नगर निगम द्वारा इस बार किए गए प्रयास का असर अवैध निर्माण व अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर कितना पड़ता है।
#KhabarAajkal